बस्ती। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान से शुरू हुई 151 कुण्डीय राष्ट्र जागरण एवं शक्ति संवर्धन विराट गायत्री महायज्ञ की शोभायात्रा मंगलवार को धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ निकाली गई। नगर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक माहौल का अद्भुत संगम देखने को मिला। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में माताएँ, बहनें, युवा, बुजुर्ग और श्रद्धालु हाथों में कलश लिए पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। गायत्री मंत्रों की गूँज और शंख-घंटों की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा जब मालवीय रोड पहुंची, तब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नगर पंचायत बनकटी के अध्यक्ष प्रतिनिधि इंजीनियर अरविन्द पाल ने शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। माताओं और बहनों के कलशों पर पुष्प वर्षा होते ही वातावरण और भी उल्लासपूर्ण हो गया। अरविन्द पाल ने कहा कि गायत्री परिवार द्वारा किया जा रहा यह आयोजन समाज में आध्यात्मिक जागरण और सद्भाव को मजबूत करता है। उन्होंने आयोजकों को ऐसे दिव्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एक नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
इस दौरान शोभायात्रा के रुकने पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की विशेष व्यवस्था भी की गई। कम्पनी बाग स्थित कुमार स्वीट्स के मालिक राजन गुप्ता ने जलपान और स्वागत सत्कार की उत्तम व्यवस्था कराई। श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेय पदार्थ, हल्का नाश्ता और फल आदि की व्यवस्था से सभी प्रसन्न दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में सेवा करना सौभाग्य की बात है और उनकी ओर से यह योगदान समाज सेवा का एक छोटा प्रयास है।
शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों— मालवीय रोड, कम्पनी बाग, पटेल चौक होते हुए पुनः राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पहुंची, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजन के साथ प्रथम दिन के अनुष्ठान का आरंभ हुआ। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा से शोभायात्रा का स्वागत किया।
गायत्री परिवार के सदस्यों ने बताया कि आगामी दिनों में महायज्ञ के अंतर्गत प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग-साधना, स्वास्थ्य परामर्श तथा समाजोत्थान से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रम में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की बड़ी टीम तैनात रही।
इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोग इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनने पर स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे थे।
BNT LIVE www.bntlive.com