Breaking News

मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू बनी सोनिया से मनबढ़ों ने की छेड़खानी और मारपीट, पुलिस से न्याय की गुहार

बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के गड़गोड़िया गांव की रहने वाली सोनिया (पूर्व में मुस्लिम धर्म) ने अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपनाकर विवाह किया था। धर्म परिवर्तन के बाद से ही वह लगातार दबंगों की प्रताड़ना झेल रही है। ताज़ा घटना 7 नवंबर 2025 की है जब सोनिया अपनी बहन की डिलेवरी के सिलसिले में काशीराम आवास कॉलोनी, चननी आई हुई थी। देर रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच उसी इलाके के कुछ मनबढ़ लोगों ने उसके साथ गंभीर मारपीट व छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया।

सोनिया ने पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में बताया कि डब्लू, रेहान, अरमान, गजाला, शमशेर समेत कुल सात लोगों ने मिलकर उसके और उसकी मां के साथ बदसलूकी की। रेहान और उसके साथियों ने न सिर्फ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दीं, बल्कि यह कहते हुए हमला किया कि उसने इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाकर बड़ा अपराध किया है। सोनिया के अनुसार आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया, उसके कपड़े फाड़े और प्राइवेट पार्ट पर जबरन हाथ डालकर उसे निर्वस्त्र करने का प्रयास किया।

इसी दौरान आरोपियों ने उसके पर्स में रखे 20,820 रुपये और नाक की कील भी छीन ली। सोनिया की मां को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीटा और धमकी देते हुए कहा कि यदि पुलिस में शिकायत की तो मां-बेटी दोनों को जान से खत्म कर देंगे।

सोनिया ने अपने पत्र में लिखा है कि धर्म परिवर्तन के बाद से वह लगातार समाज के कुछ कट्टरपंथी तत्वों के निशाने पर है। घटना की रात जिस तरह से हमलावरों ने उसके साथ बर्बरता की, उससे पूरा परिवार भयभीत है। उसने पुलिस अधीक्षक से अपनी व मां की जान-माल की सुरक्षा की अपील करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता का कहना है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके और आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सोनिया ने कहा कि अगर समय रहते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, तो दबंग उसे और उसके परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।

इस घटना से क्षेत्र में गहरी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्म परिवर्तन व्यक्ति की अपनी स्वतंत्र इच्छा का मामला है और किसी को भी किसी महिला के साथ इस तरह की क्रूरता करने का अधिकार नहीं है। पीड़ित परिवार अब पुलिस और प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।

Check Also

एबीवीपी के तत्वावधान में बस्ती में होगा नवाचार महोत्सव, 500 प्रतिभागी करेंगे 100 से अधिक प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन

-युवाओं को मोबाइल स्क्रीन से बाहर निकाल नवाचार की ओर प्रेरित करने का प्रयास, नासा …