Wednesday, June 26, 2024
राजनैतिक

किसानों-व्यापारियों की सभी मांगों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखेंगे: राजीव जैन

सोनीपत,  इन्दु/नवीन बंसल (राजनीतिक संपादक)| हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने व्यापारियों से अपील की कि वे कोरोना काल में कुरुक्षेत्र में 10 सितंबर को होने वाली किसानों की रैली में हिस्सा न लें। उन्होंने कहा कि किसानों और आढ़तियों की सभी मांगों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखा जाएगा। बातचीत के माध्यम से ही सभी मामलों का समाधान संभव है। ऐसे में व्यापारियोंं और किसानों को रैली का हिस्सा बनने से बचना चाहिए।
पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने व्यापारियों से बातचीत करते हुए कुरुक्षेत्र की प्रदेश स्तरीय किसान रैली से दूरी बनाये रखने का विशेष रूप से अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि रैली का आयोजन गंभीर समय में किया जा रहा है। यह कोरोना काल है। कोविड-19 कोरोना वायरस के पोजिटिव मामलों में वृद्धि हो रही है। ऐसी स्थिति में भीड़ एकत्रित करना किसी भी प्रकार से उचित नहीं है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता जैन ने कहा कि किसान रैली में जगह-जगह से किसानों के आने की संभावना है, जिससे कोरोना वायरस के रोकथाम के प्रयासों को नुकसान होगा। इस प्रकार से भीड़ जुटाने से कोरोना वायरस के फैलाव के बढऩे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। इसलिए जरूरी है कि व्यापारियों को रैली से दूरी बनाये रखनी होगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपने साथ-साथ अन्य लोगों की भी सोचते हुए कोरोना नियंत्रण में सहयोग करना चाहिए।
श्री जैन ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार है। किसानों व आढ़तियों की सभी मांगों पर बातचीत की जा सकती है। इसके लिए उनकी सभी मांगों को वे स्वयं मुख्यमंत्री तक पहुंचायेेंगे। इसलिए किसानों व आढ़तियों को धैर्य के साथ बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच रैली में अधिक भीड़ जुटाना किसी के लिए भी हितकर नहीं होगा।