Monday, July 1, 2024
बस्ती मण्डल

किसान आन्दोलन के समर्थन में कांग्रेस ने किया बुद्धि शुद्धि यज्ञ

बस्ती । गुरूवार को किसान आन्दोलन के समर्थन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर कटेश्वर पार्क स्थित पार्टी कार्यालय पर बुद्धि शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया।
पार्टी प्रभारी एवं प्रदेश सचिव देवेन्द्र निषाद ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार अहंकार से ग्रस्त है और किसानों से संवाद की जगह उनके मार्ग में कांटे बिछाये जा रहे हैं। यह स्थितियां दुर्भाग्यपूर्ण है। केन्द्र सरकार को सद्बुद्धि आये इस संकल्प के साथ बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया गया। अच्छा हो कि सरकार टकराव की जगह वार्ता से किसान आन्दोलन का हल निकाले। किसान इस देश की आत्मा है और उनके मान सम्मान, पगड़ी से खिलवाड़ को देश बर्दाश्त नहीं करेगा, कांग्रेस किसानोें के साथ है।
किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि बुद्धि शुद्धि यज्ञ से सरकार की चेतना जागे, किसानों को उनका अधिकार मिले इसी उद्देश्य के साथ कांग्रेस किसान हितों के लिये अपना संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस कार्यालय पर हुये बुद्धि शुद्धि यज्ञ में मुख्य रूप से अमरदेव सिंह, संदीप श्रीवास्तव, रविन्द्र सिंह, जितेन्द्र सिंह, रविन्द्र चौधरी, दिनेश सिंह, दिवाकर चौधरी, ईदू अली, अब्दुल हकीम आदि शामिल रहे।