-खनन अधिकारी पर उठे सवाल, बोले—सालों से जिले में कुंडली मारकर बैठे, सफेदपोशों व पुलिस की मिलीभगत से चल रहा खेल
बस्ती। जनपद में लगातार हो रहे अवैध बालू और मिट्टी खनन को लेकर सोमवार को विश्व हिन्दू महासंघ ने कड़ा रुख अपनाया। संगठन के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपते हुए अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन देने के बाद जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने आरोप लगाया कि जिले में लंबे समय से अवैध खनन का खेल चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है। उन्होंने कहा कि खनन अधिकारी काफी समय से जिले में कुंडली मारकर बैठे हुए हैं, जिसके कारण खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। आरोप है कि कुछ सफेदपोश, पुलिसकर्मी और खनन विभाग के अधिकारी मिलकर इस अवैध कारोबार को संरक्षण दे रहे हैं, जिससे खुलेआम मानकों के विपरीत बालू और मिट्टी की खुदाई की जा रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो इससे भू-क्षरण की समस्या बढ़ेगी और पर्यावरण के साथ-साथ जन-धन को भी भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने भी प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरयू नदी की कोख को चीरकर बालू निकालने का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और खनन माफियाओं की मिलीभगत के चलते सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन का सीधा असर किसानों पर भी पड़ रहा है। कई जगहों पर किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और आने वाले समय में खेतों की उपजाऊ जमीन भी प्रभावित हो सकती है। यदि प्रशासन ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ज्ञापन देने के दौरान अखिलेश सिंह के साथ सनातन रक्षा वाहिनी के जिलाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव, पंकज सिंह, राजेश गुप्ता, उपेन्द्र सिंह, अर्पण श्रीवास्तव, नागेंद्र सिंह, ऋषभ तिवारी, राजू राजभर, विकास सोनी, आलोक सोनकर, सौरभ त्रिपाठी, राकेश सिंह, विपिन सिंह, अभिषेक आर्य, शिवम मिश्रा, सतीश गुप्ता, महिपाल, विवेक चौधरी, रजनीश चौधरी, प्रमोद चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
BNT LIVE www.bntlive.com