Wednesday, July 3, 2024
बस्ती मण्डल

बीएचयू छात्रा से दुराचार मामले में समाजवादी महिला सभा ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

बस्ती । वाराणसी के बी.एच.यू. में भारतीय जनता पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रा के साथ किये गये दुराचार की घटना के विरोध में शुक्रवार को समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता भारती के नेतृत्व में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। मांग किया कि घटना के विरोध में जिन छात्र-छात्राओं, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया उनके ऊपर दर्ज मुकदमों को वापस लेने के साथ ही आरोपियों के घरोें पर बुलडोजर चलवाकर पीड़िता और उनके परिवार को न्याय दिलाया जाय।

ज्ञापन देने के बाद समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता भारती ने कहा कि देशभर की एक-एक नारी देख रही है कि भाजपा नारी-सम्मान के साथ कैसा मनमाना खिलवाड़ कर रही है और महिला अत्याचार, उत्पीड़न और बलात्कार के आरोपियों को बचा रही है। आगामी चुनाव में महिलाएँ भाजपा को एक भी वोट नहीं देंगी। महिलाएँ ही भाजपा की हार का कारण बनेंगी। भाजपा का सच आज जनता के सामने है। जनता आगामी चुनाव में भाजपा को हराकर अपना फैसला भी देगी और महिलाओं के साथ इंसाफ करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र में ऐसी जघन्य घटना का होना ही अपने आप में शर्मसार करने वाली थी। ऊपर से संस्थापक, पंडित मदन मोहन मालवीय के द्वारा जिस विश्वविद्यालय की नींव रखी गई हो, ऐसी घटना का हो जाना बनारस ही नहीं पूरे पूर्वांचल को झकझोरने वाला है। कहा कि कुणाल पाण्डेय भाजपा आईटी सेल महानगर का संयोजक था। सक्षम पटेल सह-संयोजक जबकि अभिषेक चौहान कार्यसमिति का सदस्य था। इनकी गिरफ्तारी ही काफी नहीं है। इनके घरों पर बुलडोजर चलवाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाय।
ज्ञापन देने वाली महिला सभा की नेताओं में मुख्य रूप से इन्द्रावती शुक्ला, उर्मिला मिश्रा, प्रिया मिश्र, विन्दवासिनी निषाद, शीला, सुधा, चम्पा, प्रभा मिश्रा, मगरा, गायत्री, नीलम, बबिता गौतम, लक्ष्मी रंजन, सरोज, प्रियंका, मंजू कुमारी, रंजना, अनीता, गायत्रा के साथ ही अनेक पदाधिकारी और कार्यकत्री शामिल रहीं।