प्रभात फेरी निकालकर कोरोना महामारी के प्रति किया जागरूक
गाजियाबाद। उ. प्र. शासन के निर्देशानुसार 18 से 24 नवंबर 2020 तक मनाए जाने वाले कोविड-19 से बचाव हेतु जन-जागरूकता अभियान व सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाने हेतु नेहरू युवा केन्द्र, ग़ाज़ियाबाद और एम.एम.एच. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों के स्वयंसेवकों द्वारा कॉलेज परिसर से होते हुए बजरिया तक कोविड-19 जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर लोगों को कोरोना महामारी के बारे में जागरूक किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ गौतम बैनर्जी एवं आरती सिंह स्वयंसेवकों के साथ उपस्थित रहे।
स्वयंसेवकों द्वारा खुद भी सावधानियों का पालन करते हुए नारों और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि हमें आवश्यक कार्य के लिए ही घर से बाहर निकलना चाहिए और सामाजिक दूरी का पालन करना चाहिए। कोरोना को हराने के लिए मुंह पर मास्क लगाना अति आवश्यक है और भीड़ भाड़ वाली जगह पर जाने से बचना चाहिए। समय-समय पर साबुन से हाथ धोते रहना चाहिए। स्वयंसेवक उमेश गौतम ने टीम लीडर की भूमिका निभाते हुए स्वयंसेवक नितिन सिंह, अमानी मलिक, शेखर के साथ मिलकर प्रभात फेरी का आयोजन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान नेहरू युवा केन्द्र के अधिकारियों का रहा।
स्वयंसेविका धारणा, दीपा रानी, नेहा, शाइना सैफी और आमानी ने कॉलेज परिसर में सड़क सुरक्षा नियमों के पोस्टर और स्लोगन लगाए। लोगों से नियमों का पालन करने और यातायात में सहयोग करने के साथ गाड़ी चलाते समय हमेशा हेल्मेट/सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की।