Wednesday, June 26, 2024
बस्ती मण्डल

तानाशाही के खिलाफ आम आदमी पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी-डा. राम सुभाष

बस्ती। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी से पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओें में रोष का माहौल है। रविवार को ‘आप’ जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा ने बड़े बन के निकट उपस्थित पत्रकारों से वार्ता करते हुये कहा कि संजय सिंह निर्दोष है। उन्हें मनगढन्त मामलों में फंसाया गया है। पूरी पार्टी और देश का बड़ा हिस्सा उनके साथ है। पीएम मोदी की तानाशाही से हम डरने वाले नहीं है। तानाशाही के खिलाफ आम आदमी पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी।
पत्रकारांें के प्रश्नों का उत्तर देते हुये ‘आप’ जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा ने कहा कि 2024 में मोदी इण्डिया गठबंधन से चुनाव हार रहे हैं, इसी बौखलाहट में इण्डिया गठबंधन की मजबूत आवाज संजय सिंह को मनगढन्त मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पत्रकारों से बातचीत में जिला प्रभारी देवेन्द्रनाथ अम्बेडकर, जिला महासचिव चन्द्रभान कन्नौजिया, महिला विंग अध्यक्ष श्रीमती मिथलेश भारती ने कहा कि ई.डी. भाजपा के दबाव में काम कर रही है इसलिये सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार करने के पूर्व समन तक नहीं भेजा गया। वे अडाणी, मणिपुर के साथ ही जनहित के सवालों को प्रमुखता से उठा रहे थे इसलिये पहले तो उन्हें राज्यसभा से पूरे सत्र के लिये निलम्बित कर दिया गया बाद में उन्हें सुनियोजित तरीके से गिरफ्तार कर लिया गया। कथित शराब घोटाले में संजय सिंह के खिलाफ पूरा मामला फर्जी और बेबुनियाद और राजनीति प्रेरित है।
प्रेस वार्ता में युवा जिलाध्यक्ष फिरदौस अहमद, पूर्व अध्यक्ष पतिराम आजाद, वीरेन्द्र यादव उपस्थित रहे।