Wednesday, June 26, 2024
बस्ती मण्डल

पंच प्रण से विकसित बनेगा देश, युवा संवाद कार्यक्रम में बोले जिला समाज कल्याण अधिकारी

बस्ती/रुधौली विकास खंड के विन्देश्वरी इंटर कालेज परिसर में युवा विकास समिति बस्ती द्वारा नेहरू युवा केंद्र बस्ती के सहयोग से आयोजित युवा संवाद@2047 भारत के पंच प्रण युवा पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने भारत के पंच प्रण पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि भारत के पांच प्रण पर देश का भविष्य निर्भर है। जिसके लिए प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच के आधार पर पांच प्रण निर्धारित किए गए हैं। अगर देश का हर व्यक्ति इन पांच प्रणों का अनुसरण करे तो 2047 तक भारतवर्ष विकसित देशों में सर्वोपरि होगा और विश्वगुरू बनेगा।

नेहरु युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी अनुराग यादव नें पांचों प्रणों पर विस्तार से चर्चा की और पंचप्रण के पहले प्रण विकसित भारत पर कहा कि इसका अर्थ है दास्तां की जंजीर तोड़ कर आगे बढ़कर देश को विश्व गुरु बनाने का प्रण लेना है। इसके लिए राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानना होगा। प्रधानाचार्य अरुण कुमार ने कहा कि देश के लिए कुछ करने का जज्बा हो तो भूख-प्यास नहीं लगती केवल लक्ष्य दिखाई देता है। उन्होंने युवाओं को अपने देश की सभ्यता और संस्कृति अपनाने की सीख दी। नेशनल अवार्डी किसान राम मूर्ति मिश्र ने कहा कि प्रयास करने से सब कुछ संभव है। ओम प्रकाश मिश्र नें बच्चों को पंच प्रण आत्मसात करने हेतु प्रेरित किया।

महेंद्र कुमार त्रिपाठी नें कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले 24 वर्षों यानी 2047 तक के दौरान देश को औपनिवेशिक मानसिकता और रूढ़िवादी विचारों से मुक्त करके एक नई सोच वाले भारत की शुरुआत करने का सपना देखा है और नौजवानों से इसका हिस्सा बनने का आग्रह किया है। कार्यक्रम के समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्री प्रकाश पाण्डेय ने सभी अतिथियों और युवाओं को प्रधानमंत्री द्वारा जारी पांच प्रतिज्ञाएं दिलाकर इस अभियान का हिस्सा बनने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में देश महान गुरु बनने जा रहा है, और इस औद्योगिक क्रांति का श्रेय प्रधानमंत्री को जाएगा।

इस दौरान राम आशीष, डॉ सच्चिदानंद, डॉ एस के सिंह, अनूप कुमार, विजयनाथ तिवारी, नें भी अपना विचार व्यक्त किया कार्यक्रम का सञ्चालन दीपक सिंह प्रेमी नें किया। इस दौरान धर्मेन्द्र पाण्डेय, राहुल पटेल, कुलदीप कुमार सहित 250 से भी अधिक युवा मौजूद रहे।