Saturday, June 29, 2024
बस्ती मण्डल

भगवान शिव का विवाह मंगलकारी है

बस्ती । श्रीराम का जीवन ऐसा पवित्र है कि उनके स्मरण मात्र से हम पवित्र हो जाते हैं। उनका अवतार जगत को मानव धर्म उपदेश के लिये था। सभी दिव्य गुण जिसमें एकत्र होते हैं वही परमात्मा है। भगवान शिव का विवाह मंगलकारी है। वे धर्म की सवारी कर वृषभ पर बैठकर बारात लेकर निकले। उनका भेष भले ही विलक्षण हो किन्तु वे समाज को संदेश देते हैं कि विवाह संस्कार में अनावश्यक प्रदर्शन न किया जाय। शंकर जी की बरात में दुनिया के सभी विलक्षण जीव थे। देवता से लेकर भूत-पिशाच तक इस बरात में शामिल हुए। यह सद् विचार कथा व्यास पूज्य छोटे बापू जी महाराज ने नारायण सेवा संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित 9 दिवसीय संगीतमयी श्रीराम कथा का दुबौलिया बाजार के राम विवाह मैदान में तीसरे दिन व्यक्त किया।
कथा को विस्तार देते हुये महात्मा जी ने कहा कि बारात जब हिमांचल राज के यहां पहुंची तो माता मैना देवी भगवान शिव की आरती करते वक्त बेहोश हो गईं। विद्वानों का कहना है कि मैना देवी को लगा कि जिसने सिर पर चंद्रमा धारण किया हो उसकी आरती एक छोटे दीपक से कैसे हो सकती है। इसी प्रकार जिसकी जटाओं से गंगा जी निकली हों उसकी पूजा एक लोटा जल से कैसे हो सकता है। बरात का यथोचित स्वागत के बाद वैदिक रीति रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया।
महात्मा जी ने कहा कि लक्ष्मण विवेक, भरत वैराग्य और शत्रुघ्न सद विचार स्वरूप है। चंदन और पुष्प से श्रीराम की सेवा करना अच्छी बात है किन्तु उनकी मर्यादा का पालन सर्वोत्तम है। जिसका व्यवहार रामजी जैसा होगा उसकी भक्ति सफल होगी।
श्रीराम कथा के दूसरे दिन कथा व्यास का विधि विधान से पूजन राजकुमार मिश्र ने मुख्य यजमान संजीव सिंह से कराया। कथा में स्वामी स्वरूपानंद जी महराज, आयोजक बाबूराम सिंह एडवोकेट, राजेश, सियाराम, संतोष, श्रीकांत, सीताराम, अनिल सिंह, अनूप सिंह, जसवंत, अजय, अरुण, राधेश्याम, रामू हर्षित, इन्द्रपरि सिंह, बिभा सिंह, दीक्षा सिंह आदि उपस्थित रहे