Sunday, January 26, 2025
हेल्थ

तांबे के बर्तन में पानी रखने के फायदे और जानिए इस्तेमाल का सही तरीका

हेल्थ | आपने बहुत से लोगों को सुबह उठकर तांबे के बर्तन में रखा पानी पीते देखा होगा। दरअसल, ऐसा करने से सेहत दुरुस्त रहती है। आयुर्वेद के अनुसार, तांबे के बर्तन में रखा पानी पीने से शरीर में वात, पित्त और कफ तीनों ही संतुलित रहते हैं और तांबे के बर्तन में रखा पानी हमेशा ताज़ा रहता है। तो आज से आप भी तांबे के बर्तन में पानी रखना शुरू कर दीजिए।

तांबे के बर्तन में रखा पानी पीने के फायदे

हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, तांबे में रखा पानी पीने से आपकी सेहत को कई तरह से फायदे पहुंचता है।

– यह शरीर में तांबे की कमी को पूरा करता है और चूंकि यह प्राकृतिक कीटाणुनाशक होता है इसलिए यह शरीर में बीमारी पैदा करने वाले कीटाणुओं को खत्म कर देता है।

– अमेरिकन कैंसर सोसायटी के अनुसार, तांबे में कैंसर विरोधी तत्व मौजूद होते है यानी यह कैंसर की बीमारी को रोकने में कारगर हो सकता है।

– तांबे का पानी पीने से पेट की सेहत एकदम दुरुस्त रहती है। रोज़ाना इसका पानी पीने से पेट दर्द, गैस, एसिडिटी और कब्ज की समस्या से छुटकारा मिलता है।

– शरीर को डिटॉक्सीफाई करने में भी तांबे का पानी मदद करता है। साथ ही यह आपकी किडनी और लिवर को भी स्वस्थ रखता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह किसी भी तरह के संक्रमण से निपटने में लाभदायक है।

– यदि आपको अक्सर त्वचा संबंधी समस्या होती है तो तांबे के बर्तन में रखा पानी पीएं। यह फोड़े, फुंसी, मुंहासे और त्वचा संबंधी अन्य परेशानियों को दूर करने में मदद करता है।

– आपको जानकर शायद हैरानी होगी, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, तांबे का पानी पाचनतंत्र को ठीक रखने के साथ ही वज़न कम करने में भी मदद करता है।

– ब्लड प्रेशर और बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी तांबे का पानी फायदेमंद है यानी यह आपके दिल को स्वस्थ रखने में मद करता है।

– तांबे में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते है जिससे यह शरीर में दर्द, ऐंठन और सूजन की समस्या को दूर करता है। ऑर्थराइटिस के मरीजों के लिए भी यह बहुत फायदेमंद है।

– तांबे में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लामेंटरी गुण होते हैं जिससे यह शरीर के बाहर और अंदर के घाव को जल्दी भरने में मदद करता है।

तांबे के बर्तन का उपयोग कैसे करें?

किसी भी चीज़ का पूरा फायदा तभी मिलता है जब उसे सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए। तांबे के बर्तन में रात में पानी भर दें और सुबह इसका सेवन करें। आप तांबे के जग या ग्लास में पानी रख सकते हैं, लेकिन ध्यान रहे कि इस बर्तन को ज़मीन पर न रखें, बल्कि किसी टेबल या किचन प्लेटफॉर्म पर ही रखें। ध्यान रहे तांबे के बर्तन में पानी को कम से कम 8 घंटे रखें तभी यह फायदेमंद होगा। आप चाहें तो इससे अधिक देर तक भी रख सकते हैं, क्योंकि तांबे के बर्तन में रखा पानी हमेशा ताज़ा ही बना रहता है।

सफाई का रखें खास ख्याल

आप तांबे के जिस बर्तन में रोज़ाना पानी रखते हैं उसकी सफ़ाई का खास ध्यान रखना ज़री है। खासतौर पर अंदर की ओर, क्योंकि इसे यदि कई दिनों तक साफ न किया जाए कॉपर ऑक्साइड की परत (हरे रंग की) जमने लगती है जिससे पानी का पूरा लाभ नहीं मिलेगा। इतना ही नहीं कॉपर ऑक्साइड तांबे के साथ प्रतिक्रिया करता है जिससे साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं।

 

– कंचन सिंह