Tuesday, April 29, 2025
बस्ती मण्डल

विद्या ऎसा धन है जो हर परिस्थिति में आपके साथ एक सच्चे सहयोगी की भूमिका निभाता है-अदित्य नारायन गिरी

बस्ती 19 अक्टूबर। बच्चों में शिक्षा के प्रति रुझान व जिज्ञासा को बढ़ाने हेतु स्वामी दयानंद विद्यालय सुर्तीहट्टा बस्ती में साप्ताहिक यज्ञ के पश्चात एक लघु परिचर्चा का आयोजन किया गया जिसमें अलीगढ़ से आमंत्रित वैदिक प्रवक्ता आचार्य बृजेश जी ने बच्चों को बताया कि शिक्षा केवल जीविका का साधन ही नहीं होती बल्कि जीवन स्तर को ऊंचा उठाने व मोक्ष प्राप्ति के लिए होती है। विभिन्न विषयों के माध्यम से पढ़ाये जाने वाले पाठ जब जीवन मे धारण कर लिए जाते हैं तो हमारा जीवन जनकल्याण में लीन हो जाता है। कहा कि विद्या हमें विनम्रता देती है जिससे हमारे भीतर पात्रता अर्थात ग्रहणशक्ति बढ़ जाती है पात्रता से धन प्राप्त होता है और धन से सुख मिलता है। बच्चों को छोटे छोटे व्रत लेकर उन्हें पूर्ण करना चाहिए। अपने मन को चटपटी व तामसिक चीजों से हटाकर सुपाच्य आहार ही लेना चाहिए। मन की शक्ति को बढ़ाने के लिए गायत्री मंत्र का जप, व्यायाम व ध्यान करना चाहिए। देश में प्राप्त शिक्षा को देश के लिए प्रयोग करने में अपना गौरव समझना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन करते हुए अदित्यनारायन गिरि ने बताया कि विद्या ऎसा धन है जो हर परिस्थिति में आपके साथ एक सच्चे सहयोगी की भूमिका निभाता है। प्रबन्धक ओम प्रकाश आर्य ने आचार्य बृजेश के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सच्चे गुरू ही हमें उत्तम मार्ग दिखाते हैं जिस पर चलकर हम समाज व राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से दिनेश मौर्य, अरविन्द श्रीवास्तव, अनूप कुमार त्रिपाठी, नितेश कुमार, अनीशा मिश्रा, शुभ्रा वर्मा, श्रेया, राधा देवी आदि ने भरपूर सहयोग किया।