Tuesday, July 2, 2024
बस्ती मण्डल

महेन्द्र श्रीवास्तव ने आरटीओ विभाग के भ्रष्टाचार को लेकर खोला मोर्चा

बस्ती। आरटीओ दफ्तर का भ्रष्टाचार थमने का नाम नही ले रहा है। ड्राइविंग लाइसेंस हो या फिर वाहनों के नामांतरण और ओवरलोडिंग के नाम पर बगैर रिश्वत दिये कोई भी काम यहां संभव नही है। राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के मण्डल विधि सचिव महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा इस मामले में जिलाधिकारी से शिकायत का भी कोई असर नही हुआ।

वाहन स्वामियों से धन उगाही बदस्तूर जारी है। स्थाई लाइसेंस में एक हजार रूपया वसूला जा रहा है। भ्रष्टाचार के खुलासे के बाद आनन फानन में 150 लाइसेंस निरस्त कर सम्बन्धित जिम्मेदारों को बचा लिया गया लेकिन उनके विरूद्ध कोई कार्यवाही नही हुई। इतना ही नही तमाम रजिस्टर और लाइसेंस की मूल पत्रावली कार्यालय से गायब है, मामला न्यायालय में लम्बित है लेकिन विभागीय उच्चाधिकारियों ने दोषियों को बचाने में कोई कसर नही छोड़ा। जिन मामलों में एफआईआर दर्ज कर जिम्मेदारों को निलंबित किया जाना था वे आज भी उच्चाधिकारियों के रहमोकरम पर मलाई खा रहे हैं। राष्ट्रीय मानवाधिकार ट्रस्ट के मण्डल विधि सचिव महेन्द्र श्रीवास्तव ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुये आरटीओ दफ्तर की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त व विधि सम्मत कार्यवाही की मांग किया है। अन्यथा की स्थिति में उन्होने आरटीओ दफ्तर के भ्रष्टाचार के चरबद्ध खुलासे और धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।