Breaking News

गांव के दबंगों ने घात लगाकर परवेज आलम पर किया जानलेवा हमला, पिता समेत कई घायल

बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम अण्डा में कथित रूप से गांव के कुछ लोगों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता समेत परिवार के अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के भाई मोहम्मद जावेद के अनुसार, उनके भाई परवेज आलम घर पर खाना खाने के बाद गांव के विद्यालय में सोने के लिए जा रहे थे। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे गांव के सफी उल्लाह, शाहिद, मोहम्मद खालिद, इसरार, पिरु, जयदु, सुफियान, अरमान तथा अन्य अज्ञात लोगों ने उनके घर के सामने ही लाठी-डंडों और ईंटों आदि से हमला कर दिया। इस हमले में परवेज आलम गंभीर रूप से घायल हो गए।
मोहम्मद जावेद का आरोप है कि भाई को बचाने पहुंचे उनके पिता मोहम्मद मोबीन पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके घर पर ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने पहले ही आईजीआरएस के माध्यम से आरोपियों से जान-माल के खतरे की शिकायत कर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ गया और यह घटना घटित हुई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Check Also

कोटे की दूकान को लेकर विवादः मारपीट, पीड़ित ने एसपी से लगाया न्याय की गुहार

बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के सरैया बुजुर्ग गांव में पंचायत भवन पर कोटे की दुकान …