Tuesday, May 7, 2024
उत्तर प्रदेश

प्रदेश सरकार के दमनकारी रवैये से समाज का हर वर्ग नाराज है। सपा ही ब्राह्मणों की सबसे बड़ी हितैषी है-मनोज कुमार पाण्डेय

बस्ती।समाजवादी प्रबुद्ध प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. मनोज कुमार पाण्डेय का बस्ती आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा घघौवा पुल पर स्वागत किया गया। सपा कार्यकर्ताओं द्वारा हर्रैया, कप्तानगंज, गोटवा समेत तमाम जगहों पर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष महेन्द्रनाथ यादव की अगुवाई में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गये स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष डा. मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा की कार्यकर्ताओं का उत्साह 2022 में सरकार बनाने में सहयोग करेगा।
शहर में आये पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने मण्डल प्रभारी अमरेन्द्र पाण्डेय शिब्लू के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से बात करते हुए कहा की अगली सरकार सपा की बनेगी। प्रदेश सरकार के दमनकारी रवैये से समाज का हर वर्ग नाराज है। सपा ही ब्राह्मणों की सबसे बड़ी हितैषी है। जनेश्वर मिश्र, बृजभूषण तिवारी, पवन पाण्डेय जैसे तमाम ब्राह्मण नेताओं को सपा में जो स्थान मिला। उसे कोई भुला नहीं सकता। पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा की सपा आने वाले समय में ब्राह्मण शिरोमणि भगवान परशुराम की मूर्ति की स्थापना करेगी।
बसपा पर निशाना साधते हुए कहा की अब बहन जी से लोगों का विश्वास उठ चुका है। तिलक, तराजू और तलवार उनको मारो जूते चार का नारा देने वाले अब ब्राह्मणों को अपने तरफ खींचने के लिए लालच दे रहे है। ब्राह्मण अब समझ चुका है। उसका हित सिर्फ सपा में ही सुरक्षित है।
इस मौके पर प्रबुद्ध प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कक्कू शुक्ला, महेश तिवारी, यज्ञेश पाण्डेय, सन्तोष दुबे, दिलीप मिश्रा, राजेश्वरी शुक्ला, विपिन शुक्ला, राधेश्याम पाण्डेय, राजेश शुक्ला, अरविन्द सोनकर, इन्द्रावती शुक्ला, गोपाल चौधरी, अखिलेश यादव, अभिषेक उपाध्याय के साथ ही बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।