Sunday, April 21, 2024
राजनैतिक

हरियाणा के गृहमंत्री की पुलिस मुख्यालय पर रेड, ADGP चावला से सभी चार्ज लिये वापस

पंचकूला/चंडीगढ़ इन्दु/नवीन बंसल (राजनीतिक संपादक) हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने आज पंचकूला में स्थित हरियाणा पुलिस मुख्यालय में औचक निरीक्षण किया। जिसके बाद एडीजीपी ए एस चावला से सभी चार्ज वापस ले लिये हैं। एडीजीपी ए एस चावला को लेकर गृहमंत्री को शिकायतें मिली थी।
जानकारी के मुताबिक हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने आज पंचकूला के सेक्टर 6 में स्थित हरियाणा पुलिस हैडक्वार्टर में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यालय में कई दस्तावेजों को अनिल विज ने खंगाला।
बताया जा रहा है कि डायल 112 का प्रोजेक्ट एडीजीपी ए एस चावला के पास है। इस प्रोजेक्ट के सिरे ना चढ़ने और देरी होने की वजह से गृहमंत्री नाखुश थे और इसी के चलते आज वो सीधे मुख्यालय पहुंच गये। यहां पर उन्होंने एडीजीपी ए एस चावला से सभी पदों से चार्ज वापस ले लिया।
मीडिया के सामने गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि डायल 112 का कार्य करीब एक साल से लंबित था। इसके चलते तुरंत प्रभाव से ADGP ए एस चावला से सभी चार्ज वापस लिये जाते हैं। वो सिर्फ अब मुख्यालय आएंगे लेकिन कोई काम नहीं करेंगे।
आपको बता दें कि एडीजीपी ए एस चावला को बीती 14 अगस्त को ही राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। उनके कार्यों की सराहना की गई थी।