Tuesday, July 2, 2024
बस्ती मण्डल

फरार कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति को खोजने में घंटों हलकान रहे स्वास्थ्य कर्मचारी

कुदरहा/बस्ती। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पर कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर एक व्यक्ति कर्मचारियों को चकमा देकर भाग गया। जिसकी खोज मे अस्पताल के कर्मचारी घंटों हलकान हुए। काफी खोजबीन के बाद कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति कस्बा स्थित झारखण्डेश्वर नाथ धाम शिव मंदिर पर मिला। जिसे अस्पताल प्रशासन ने तत्काल ओपेक हास्पिटल कैली भेज दिया। भयभीत क्षेत्रीय जनता ने राहत की सांस ली।
सोमवार को दोपहर लगभग डेढ़ बजे गायघाट निवासी साठ वर्षीय ध्रुवचन्द्र पुत्र राम अवध ने खांसी, जुखाम, बुखार से पीड़ित होने पर दवा लेने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा गया। लक्षण दिखने पर चिकित्सको के सलाह पर उसने कोविड जांच कराया। लगातार दो बार जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने उसे बाहर बैठने को कहा। कर्मचारी अभी कोई व्यवस्था बनाते कि ध्रुवचंद्र चकमा देकर गायब हो गया। अस्पताल के बाहर ध्रुवचंद्र को न पाकर कर्मचारियों के हाथ पांव फूलने लगे। और उच्चधिकारियों को सूचना देकर कर्मचारी मरीज द्वारा दिये गए पते काज़ी हाउस गायघाट पर खोज बीन में लग गए। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अपने को महनुआ गायघाट निवासी बताने वाले भोला मांझी ने बस्ती में जांच कराया था जिसका रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आया है। नाम और पता दोनों गलत होने के कारण उक्त व्यक्ति का पता नहीं चल रहा है।
इस सम्बन्ध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ फ़ैज़ वारिस ने बताया कि ध्रुवचंद्र को ओपेक हास्पिटल कैली में रेफर कर दिया गया है। और भोला मांझी को खोजने के लिए टीम लगा दी गयी है।